TN Bharat News

स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने और स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से आज से तहसील ग्राउण्ड में लगेगा स्वदेशी मेला व्यवस्थाओं का संचालन संबंधित विभागों को सौंपा गया

        दमोह / दमोह जिले में स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने और स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य  से 14 नवम्बर से 24 नवम्बर 2024 तक स्वदेशी मेले तहसील ग्राउण्ड दमोह में आयोजित किया जा रहा है। अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी मीना मसराम ने कहा है इस आयोजन में प्रदेश शासन के मंत्रीगणों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का आगमन प्रस्तावित है। आयोजन की सफलता और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थाओं का दायित्व संबंधित विभागों को सौंपा है।

            उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से  कहा है  मेला आयोजन स्थल तहसील ग्राउण्ड दमोह में सफाई कर्मियों की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। विशेषकर उच्च भीड़ वाले क्षेत्रों में सफाई को बनाए रखने हेतु नियमित अंतराल पर सफाई सुनिश्चित की जाए, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग और पर्याप्त संख्या में चलित शौचालयों की व्यवस्था की जाए। शौचालयों की नियमित सफाई और आवश्यक सामग्रियों (जैसे टिशू, साबुन) की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। मेला आयोजन स्थल तहसील ग्राउण्ड पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिसमें टैंकर, तथा नल कनेक्शन की सुविधा हो। पार्किंग क्षेत्र का समुचित प्रबंधन और स्थान का चिह्नांकन करें, ताकि आगंतुकों के वाहनों की व्यवस्था सुव्यवस्थित रूप से हो सके।

            उन्होंने कहा अग्नि सुरक्षा की दृष्टि से मेले एवं पुलिस कंट्रोल रुम दमोह में एक-एक अग्निशमन वाहन और प्रशिक्षित फायर ब्रिगेड कर्मियों की तैनाती की जाए। कूड़े-कचरे के प्रबंधन हेतु मेले के सभी प्रमुख स्थानों पर बड़े डस्टबिन स्थापित किए जाएं, जिन्हें नियमित रूप से खाली किया जाए।

            उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से कहा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए मेला आयोजन स्थल तहसील ग्राउण्ड दमोह में एक एम्बुलेंस हर समय उपलब्ध रखना सुनिश्चित करें। एम्बूलेंस में डाक्टर एवं कर्मचारियों की टीम मय उपकरण सहित सुसज्जित रखी जाये।

            उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों से कहा है मेले में कानून और सुरक्षा बनाए रखने हेतु पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाए। महिला आगंतुकों की सुरक्षा हेतु विशेषकर महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाए। भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण के लिए ट्रैफिक पुलिस की विशेष तैनाती करें ताकि मुख्य मार्गों पर कोई अवरोध न हो। यह कार्यवाही पुलिस विभाग द्वारा की जायेगी।

            कानून एवं सुरक्षा की दृष्टि से मेला आयोजन स्थल तहसील ग्राउण्ड दमोह में जो बिजली फिटिंग एवं वायरिंग की गई हैं (टेंट द्वारा), उसमें विद्युत सेफ्टी की जांच कर सुरक्षा प्रमाण-पत्र पुलिस अधीक्षक दमोह एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारी दमोह को उपलब्ध कराने के निर्देश विद्युत विभाग को दिये गये हैं।

            उन्होंने कहा है आपातकालीन स्थिति के लिए बिजली विभाग की एक टीम को मौके (तहसील ग्राउण्ड दमोह) पर तैनात रखा जाए, जिससे त्वरित समाधान किया जा सके। यह कार्यवाही अधीक्षण यंत्री वि‌द्युत विभाग, कार्यपालन यंत्री, ई.एण्ड.एम दमोह, एस.डी.ओ. ई एण्ड एम दमोह, सहायक यंत्री, विद्युत सुरक्षा दमोह द्वारा की जायेगी।

             उन्होंने कार्यपालन यंत्री, लोक निर्माण विभाग से कहा तहसील ग्राउंड के प्रवेश द्वार के टूटे हुये गेट का सुधार कार्य एवं समुचित मरम्मत कार्य करवाया जाए। मेले के आयोजन स्थल का समतलीकरण (लेवलिंग) सुनिश्चित किया जाए, जिससे गतिविधियों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न हो।

अन्य व्यवस्थाएँ-

            मेला आयोजन स्थल पर किसी अन्य व्यवस्था की आवश्यकता होने पर अनुविभागीय दंडाधिकारी दमोह द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।

            संपूर्ण व्यवस्थाओं के नोडल अधिकारी अनुविभागीय दंडाधिकारी, दमोह आर.एल. बागरी होगें एवं समय-समय पर जिला दण्डाधिकारी एवं अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी को अवगत करायेगें।

            संपूर्ण व्यवस्थाओं के सुचारू क्रियान्वयन के लिए, अनुविभागीय दंडाधिकारी दमोह द्वारा संबंधित विभाग प्रमुखों और मेला समिति के सदस्यों की उपस्थिति में व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारियों के साथ एक समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में सभी अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों पर निर्देशित किया जाएगा, ताकि मेला स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ समयबद्ध और सुव्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की जा सकें।

Post a Comment

Previous Post Next Post