दमोह/ जनवरी 2026 में विशेष अभियान के अंतर्गत जिले के ग्राम एवं वार्ड स्तर पर केम्प आयोजित कर पात्र आयुष्मान हितग्राहियों को एकत्रित करते हुए समस्त लंबित आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। इस अभियान के सफल संचालन हेतु संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण फुलपगारे जनपद पंचायत दमोह ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों का सुनिश्चित एवं प्रभावी रूप से निर्वहन किया जाए।
जनपद पंचायतों को माइक्रोप्लान अनुसार शिविर आयोजन के निर्देश
समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ग्राम पंचायत कार्यालयों में आयोजित होने वाले समस्त शिविर संलग्न माइक्रोप्लान के अनुसार संपन्न कराए जाएं। शिविर आयोजन से पूर्व मुनादी, व्यापक प्रचार-प्रसार तथा हितग्राहियों को शिविर स्थल तक लाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका
स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्राम एवं वार्ड स्तर पर आयोजित शिविरों में उपस्थित पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु एएनएम, सीएचओ एवं आशा कार्यकर्ताओं के पंजीकृत मोबाइल के माध्यम से शत-प्रतिशत कार्ड निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा।आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि वे 100 प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को शिविर में मोबिलाइज करें। साथ ही जिले में कंट्रोल रूम स्थापित कर शिविरों का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी स्तर पर शिविर
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा दमोह शहरी क्षेत्र विकासखंड के अंतर्गत शहरी क्षेत्र की आंगनवाड़ियों में शिविरों का आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं एएनएम के समन्वय से हितग्राहियों को शिविरों में लाने का कार्य करेंगी।
शहरी क्षेत्रों में नगर पालिका की सहभागिता
मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि शहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से लंबित आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें। वार्ड प्रभारियों के माध्यम से हितग्राहियों को शिविर स्थल तक लाने तथा शिविर पूर्व व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जनजातीय एवं श्रमिक हितग्राहियों का विशेष मोबिलाइजेशन
आदिमजाति कल्याण विभाग द्वारा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत सभी पात्र जनजातीय हितग्राहियों को निर्धारित तिथियों में शिविर स्थलों पर उपस्थित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी प्रकार श्रम विभाग द्वारा भवन एवं संनिर्माण कर्मकार मण्डल के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को संबंधित ग्राम पंचायत एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में निर्धारित दिनांकों में मोबिलाइज किया जाएगा। साथ ही प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट संकलित कर संध्या समय प्रस्तुत की जाएगी।
