Damoh/ दमोह में बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कलेक्टर को अपनी कई मांगे बताईं, जिन पर कलेक्टर ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने मीडियाकर्मियों से विवाद किया और हिंसक रूप से मारपीट की। कलेक्ट्रेट कार्यालय में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा के लिये लगाये गये बैरिकेटिंग को तोड़कर अंदर घुसे प्रदर्शनकारियों ने मीडियाकर्मियों के साथ वदसलूकी एवं मारपीट और पत्थरबाजी की घटना को अंजाम दिया गया । इस मामले में कोतवाली थाने में तीन नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस और एससीएसटी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है । एक अनुसूचित जाति के पत्रकार के साथ भी मारपीट की गई, जिसकी शिकायत पर मामला दर्ज हुआ।
सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि इस घटना के बाद भी असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर भड़काऊ और जातिगत संघर्ष को बढ़ावा देने वाली पोस्ट लिखी जा रही हैं। जिस पर पुलिस जल्द ही कार्रवाई करेगी।
आगे की कार्यवाही हेतु कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने बताया कि साइबर सेल की मदद से सोशल मीडिया पर धमकी देने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री के आगमन से पहले इस प्रकार की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
पत्रकार एकजुट, एसपी कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
घटना से आक्रोशित बड़ी संख्या में पत्रकार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और मामले की गंभीरता से अवगत कराया। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई, फर्जी पत्रकार बनकर सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने वालों की पहचान और उनके विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की मांग की।
पत्रकारों ने जनसंपर्क अधिकारी वाय.एस. कुरैशी से भी मुलाकात कर सोशल मीडिया पर सद्भाव बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ ठोस कदम उठाने की मांग की है । पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा । ऐसे लोगों पर कठोर कार्यवाही की जावेगी ।

