TN Bharat News

समाज के सशक्तिकरण के लिए मानवाधिकार जरूरी - मानव अधिकार आयोग अध्यक्ष श्री सिंह

 

        दमोह/  शहर के किल्लाई नाका स्थित ग्वाल बाबा मंदिर प्रांगण में अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के शताब्दी वर्ष के अवसर पर एकता चेतना यात्रा एवं मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण और राधा के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद आयोजन समिति द्वारा अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।

            समारोह के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह ने कहा शिक्षा के बिना समाज का विकास संभव नहीं है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण का उदाहरण देते हुए कहा कि चुनौतियों के बीच संतुलन और एकता से ही बड़ी से बड़ी बाधाओं को पार किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से रचनात्मक कार्यों में अपनी ऊर्जा लगाने और समाज के उत्थान में योगदान देने का आह्वान किया।

            उन्होंने बताया कि मानवाधिकार आयोग में लंबित मामलों के निराकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और पिछले दो-तीन महीनों में सड़क दुर्घटना, सांप काटने, डूबने व अन्य घटनाओं से जुड़े करीब एक करोड़ रुपये के लंबित भुगतान का निराकरण किया गया है।

            मुंगावली विधायक राव बृजेन्द्र सिंह यादव ने युवाओं को जागरूक रहने और समाज के विकास में भागीदारी निभाने की बात कही। छतरपुर विधायक ललिता यादव ने महिला जागरूकता, समाज सुधार और कुरीतियों को समाप्त करने पर जोर दिया। अन्य वक्ताओं ने भी शिक्षा, कृषि और व्यवसाय को बढ़ावा देने तथा युवाओं को अपराधों से दूर रहने की सलाह दी।

            कार्यक्रम में पूर्व सांसद लक्ष्मीनारायण यादव, पूर्व मंत्री एवं मुंगावली विधायक राव बृजेन्द्र प्रताप यादव, दमोह विधायक जयंत मलैया, छतरपुर विधायक ललिता यादव, पूर्व मंत्री हर्ष यादव, तथा यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश यादव, यादव महासभा के जिला अध्यक्ष कृष्णा यादव, मुकेश यादव, जयपाल यादव, संजय यादव, शैलू यादव, मंजीत यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post