दमोह : श्री गुरूनानक सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल संस्था द्वारा यूनीफॉर्म विक्रेताओं की जानकारी एवं यूनीफार्म में पिछली बार किये गये बदलाव की जानकारी मांगे जाने पर प्रस्तुत नहीं किये जाने एवं अभिभावकों से अचानक नई यूनीफार्म को प्रभावशील किये जाने तथा इसके लिये अत्याधिक राशि का प्रथम दृष्टया उल्लंघन पाये जाने से संस्था को यूनिफॉर्म परिवर्तन आदेश पर आगामी आदेश तक के लिये कलेक्टर एवं जिला समिति अध्यक्ष सुधीर कुमार कोचर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी एवं सदस्य सचिव द्वारा तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के साथ कारण बताओ सूचना पत्र जारी गया है। प्रतिबंध की अवधि में विद्यार्थी पूर्व से प्रचलित यूनीफार्म ही पहनकर विद्यालय आने के लिये स्वतंत्र होंगे। विद्यार्थियों को नई यूनीफार्म क्रय करने के लिये बाध्य नहीं किया जायेगा।
जारी कारण बताओ सूचना पत्र में कहा गया है वर्णित समस्त बिन्दुओं पर कारण बाताओ सूचना पत्र प्राप्ति के तीन दिवस के भीतर जिला समिति को लिखित में अपना पक्ष एवं चाही गयी जानकारी प्रस्तुत की जाये। निर्धारित समय-सीमा में पक्ष प्रस्तुत न करने पर एक पक्षीय कार्यवाही की जाएगी, जिसके लिये स्कूल प्रबंधन स्वयं उत्तरदायी होगा।
पुल, पुलिया, रपटे आदि पर पानी होने की स्थिति में कोई भी अपनी जान
जोखिम में ना डालें, दुर्घटना से देर भली- कलेक्टर श्री कोचर
दमोह : कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में और दमोह में लगातार तेज वर्षा हो रही है, आगे भी इसकी संभावना है। वर्षा ऋतु में जब पानी ज्यादा गिरता है और ऐसे समय में यदि पुल, पुलिया, रपटे आदि जलमग्न होते हैं तो ऐसी स्थिति में जिला प्रशासन ने कई जगहों पर चेतावनियां, बेरीगेट्स लगाये गये है और पुलिस तैनात की गई है।
कलेक्टर श्री कोचर ने सभी से आग्रह करते हुये कहा ऐसी स्थिति में पुल, पुलिया, रपटे आदि से ना तो वाहन चलाकर निकलें, ना पैदल निकलें यह खतरनाक साबित हो सकता है। इसलिए जलमग्न रहते पुलिया, पुल, रपटे इनको क्रॉस ना करें, पानी उतरने का इंतजार करें। आज पानी काफी उतरा है, मुझे उम्मीद है, जल्दी ही चीजें सामान्य हो जायेंगी। किसी भी स्थिति में कोई भी अपनी जान जोखिम में ना डालें, दुर्घटना से देर भली। बिल्कुल भी इस तरह का कोई दुस्साहस न करें और पानी के उतरने के बाद ही जाएं।
