TN Bharat News

लोकायुक्त की टीम ने पटवारी को 15 हजार की रिश्वत के साथ पकड़ा

       दमोह/ दमोह के इमलाई गांव में सागर लोकायुक्त की टीम ने शुक्रवार 8/11/2024 की दोपहर पटवारी को 15 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है । किसान का आरोप है कि पटवारी ने सीमांकन कार्य करवाने बाबत् 20 हजार रुपए की मांग की थी ।

       शिकायतकर्ता जोगेंद्र अहिरवार ने बताया कि इमलाई मौजा में मेरी खेती की जमीन है । जिसे सीमांकन करने के लिए पटवारी तखत सिंह को आवेदन दिया था। उन्होंने दो बार मेरा आवेदन निरस्त किया और मुझसे कहा कि जमीन बेच दो। मैंने जमीन बेचने से मना किया तो उन्होंने मुझे परेशान करना शुरू कर दिया और सीमांकन करने की एवज में 20 हजार रूपये की मांग की गयी।

       करीब सप्ताह पर पहले मैंने सागर लोकायुक्त में शिकायत की थी। इसके बाद टीम मेरे साथ इमलाई आई और पटवारी से लेनदेन की रिकॉर्डिंग की गई। पहले मेरे बेटे ने पटवारी को 2 हजार रुपए दिए थे और 15 हजार और देने पर सीमांकन करने की बात तय हुई थी। एक दिन पहले बुधवार को मैं लोकायुक्त टीम के पास पहुंचा और 15 हजार जमा कराए थे । इसके बाद शुक्रवार दोपहर मैंने पटवारी तखत सिंह को फोन लगाया। उसने कहा कि मैं इमलाई के पंचायत भवन में बैठा हूं। मैं पैसे लेकर पहुंचा और जैसे ही मैंने पैसे दिए उसके बाद टीम को सूचना दे दी ।

       सागर लोकायुक्त टीम की टीआई रोशनी जैन ने बताया कि पटवारी को 15 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार अधिनियम की धारों के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है ।

Post a Comment

Previous Post Next Post