मध्य प्रदेश आगे आने वाले समय में और अधिक तरक्की करेगा- विधायक श्री मलैया
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर कीर्ति स्तम्भ पर दीपोत्सव, रंगोली और मध्यप्रदेश गान का हुआ आयोजन
दमोह : 01 नवम्बर मध्यप्रदेश स्थापना स्थापना दिवस के अवसर पर आज शाम कीर्ति स्तम्भ चौक में दीपोत्सव, रंगोली और मध्यप्रदेश गान का आयोजन किया गया। इस मौके पर पूर्व वित्तमंत्री एवं दमोह विधायक जयंत कुमार मलैया ने कहा आज मध्यप्रदेश की स्थापना दिवस के अवसर पर कीर्ति स्तम्भ पर हमारे प्रदेश को बने जितने वर्ष हो गए है, उतने ही दीपक दमोह की बेटियों और हम सबके द्वारा प्रज्वलित किये गये और बहुत अच्छे तरीके से सजाया गया। उन्होंने कहा मैं आशा करता हूँ कि मध्य प्रदेश आगे आने वाले समय में और अधिक तरक्की करेगा। इस अवसर पर उन्होंने सभी को दीपावली पर्व की बहुत-बहुत शुभकामनाएं भी दी।
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा आज मध्य प्रदेश का 69 वां स्थापना दिवस है और इस शुभ अवसर पर विधायक जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आज कीर्ति स्तंभ पर यह कार्यक्रम हुआ है, जिसमें स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों के द्वारा बहुत खूबसूरत रंगोली बनाई गई। दीपावली का अवसर है तो दीप प्रज्वलन भी किये गये। यह इस बात का संकेत है मध्यप्रदेश को हम एक विकसित और समृद्ध मध्यप्रदेश गढ़ने की तरफ ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा सारे शहर के नागरिक आज यहाँ इकट्ठे हुए हैं, ये उनका एक संकल्प बताता है की हम सब विकसित और समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण में एक साथ हैं।
कलेक्टर श्री कोचर ने कहा इसी प्रकार से 2 नवम्बर को शाम 5 बजे बेलाताल में एक बड़ा कार्यक्रम रखा गया है, सभी से आग्रह है कि आज शाम बेलाताल भी पधारे। इसी प्रकार से बरबासा गांव में गोवर्धन पूजा का एक बड़ा कार्यक्रम विधायक जी के मुख्य आतिथ्य में प्रात: 10:30 बजे से है। सभी से आग्रह है कि सभी लोग उस कार्यक्रम में भी उपस्थित रहें। इसी कड़ी में 03 नवम्बर को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस का मुख्य समारोह कलेक्ट्रेट परिसर में होने वाला है। यहाँ पर ऑर्गेनिक हॉट भी लगाया जायेगा। साथ में स्कूल शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों के द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया जायेगा। उन्होंने आग्रह करते हुये कहा कि दमोह जिले के लोग इन सभी कार्यक्रमों में बड़े पैमाने पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर इन कार्यक्रमों का लाभ ले।
सीईओ जिला पंचायत अर्पित वर्मा ने कहा 3 दिन तक मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के विभिन्न आयोजन किए जाने है, इसी कड़ी में पहला आयोजन कीर्ति स्तंभ पर किया गया है। आज 02 नवम्बर को जिले की सभी शासकीय गौशालाओं में पूजा कार्यक्रम है, यह एक बड़ा आयोजन है। 03 नवम्बर को जिला स्तरीय कार्यक्रम कलेक्ट्रेट में है। इस अवसर पर उन्होंने दीपावली पर्व की बहुत-बहुत शुभकामनाएं दी।
स्थापना दिवस के इस गरिमामय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयं सेवी संस्थाओं, सम्मानीय मीडियाजन, महिलाएं, छात्र-छात्राएं, अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
