दमोह / दीपावली पर्व के दौरान पटाखों से जलने की घटनाओं की संभावना को ध्यान में रखते हुए, सभी शासकीय अस्पतालों (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, एवं जिला अस्पताल) में आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार कोचर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मुकेश जैन को आवश्यक दिशा निर्देश दिये हैं। कलेक्टर श्री कोचर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जैन से कहा है उक्त निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाये एवं सभी आवश्यक तैयारियों का निरीक्षण कर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय को अवगत कराएं।
डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती-
कलेक्टर श्री कोचर ने कहा दीपावली त्यौहार पर पटाखों से जलने की घटनाओं में त्वरित गति से स्वास्थ्य सेवायें मिले इसके लिये प्रत्येक शासकीय अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं जिला अस्पताल पर डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की समुचित ड्यूटी लगाई जाए, जो दीपावली पर्व के दौरान निर्धारित समय तक कार्यरत रहेंगे।
ड्यूटी आदेश प्रेषण-
उन्होंने कहा सभी संबंधित डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी आदेश तैयार कर इस कार्यालय को शीघ्रातिशीघ्र भेजना सुनिश्चित किया जाये। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि तैनात स्टाफ के पास आवश्यक आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो।
चिकित्सा आपातकालीन सेवाएं-
उन्होंने कहा अस्पतालों में जलने के उपचार हेतु आवश्यक औषधियों एवं चिकित्सा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, इसके साथ ही आकस्मिक चिकित्सा सेवाओं को सुसज्जित करने हेतु विशेष निर्देश दिए जाएं, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध हो सके।
लोगों को चिकित्सा सेवाओं में असुविधा न हो-
उन्होंने कहा यह सुनिश्चित किया जाए कि त्योहार के दौरान इलाज के लिए आए किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। त्वरित एवं समुचित चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने हेतु सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएं।
