दमोह : सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ राकेश राय ने बताया जिला अस्पताल दमोह में सप्ताह में दो दिवस प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को दिव्यांग बोर्ड का आयोजन किया जाता है जिसमें दिव्यांगजनों के नवीन विकलांग प्रमाण पत्र बनाए जाते हैं एवं पुराने विकलांग प्रमाण पत्रों को रिन्यू किया जाता है। प्रतिदिन कार्यालय समय अनुसार यूडीआईडी कार्ड बनवाने हेतु आवेदन जमा किए जाते हैं। शासन के महाअभियान के अंतर्गत दिव्यांग बोर्ड का समय प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया जाकर दिव्यांगजनों को अधिक से अधिक सेवा प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया यूडीआईडी कार्ड प्राप्त करने हेतु आवेदन जमा करने के साथ से 10 दिवस के भीतर यूडीआईडी कार्ड जनरेट किए जाते हैं। डॉ. राय ने बताया अंकित तिवारी का यूडीआईडी कार्ड 27 दिसंबर 2024 को जारी किया जा चुका है। समस्त दिव्यांगजनो को शासन के दिशा निर्देशानुसार पूर्णत: है नि:शुल्क सेवाएं प्रदान की जाती हैं।
डॉ. राय ने बताया जिला अस्पताल के दिव्यांग बोर्ड में आने वाले दिव्यांगजनों हेतु बैठने के लिए पर्याप्त सुविधा उपलब्ध है एवं पीने के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था भी पूर्व से है। यूडीआईडी कार्ड बनाने वाले कर्मचारियों को शासन द्वारा निर्धारित दिव्यांग कैंप में ड्यूटी लगाई जाने पर यूडीआईडी कार्ड जनरेट करने की प्रक्रिया में कभी-कभी विलंब हो जाता है। 27 दिसंबर 2024 को चिकित्सालय प्रबंधन द्वारा 90 दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र बनाए गए हैं।
उन्होंने बताया जिला अस्पताल प्रबंधन द्वारा चिकित्सालय में आने वाले प्रत्येक दिव्यांगजनों को शासन की मंशानुरूप सेवाये प्रदान की जाती हैं एवं दिव्यांगजन एवं आम-जनमानस को चिकित्सीय सेवा प्रदान करने में हमेशा तत्पर रहता है।
