एक छोटा सा निर्णय और पहल करने का प्रयास है, ताकि समाज में यह संदेश जाये कि वायु प्रदूषण और ऊर्जा का बचाव कैसे करना है- प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री तिवारी
दमोह / प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दमोह अध्यक्ष आनंद कुमार तिवारी ने ईधन की बचत एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से दमोह में पदस्थ न्यायिक अधिकारीगण के साथ बैठक आयोजित की । बैठक के दौरान न्यायिक अधिकारियों द्वारा सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पर्यावरण की सुरक्षा एवं ईधन की बचत को ध्यान में रखते हुये सभी न्यायिक अधिकारी सप्ताह में 02 दिन दो-पहिया वाहन का उपयोग कर दो न्यायिक अधिकारी एक ही वाहन से मोटरयान अधिनियम का पालन सुनिश्चित करते हुए न्यायालय पहुंचेंगे।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश आनंद कुमार तिवारी ने कहा एक छोटा सा निर्णय और पहल करने का प्रयास किया है ताकि समाज में यह संदेश जाए कि वायु प्रदूषण और ऊर्जा का बचाव कैसे करना है। हम सभी लोग अपने न्यायालय, अपने निजी कारों से या शासकीय वाहनों से आते हैं, तो इस बार हमने ऐसा निर्णय लिया है कि सप्ताह में प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को हम अपनी कार से ना आकर के साईकिल या टू-व्हीलर वाहन में आकर कार्यालय अटेंड करेंगे। उन्होंने कहा यह भी हम लोगों ने तय किया है कि एक स्कूटर में या मोटर साइकिल में दो न्यायाधीशगण साथ बैठकर आएँगे।
उन्होंने कहा यह पहल हमने दमोह में की है ताकि आमजन को ये संदेश जाए कि हमें ऊर्जा की बचत करनी है, प्रदूषण रोकना है और आने वाली गर्मी के मौसम में इन वाहनों के उपयोग से गर्मी अत्यधिक बढ़ जाती है। उन्होंने कहा साइकिल का उपयोग अधिक से अधिक करें, इससे स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा और मासिक खर्च में भी कमी होगी।
जिला विधिक सहायता अधिकारी रजनीश चौरसिया ने बताया पर्यावरण प्रदूषण समाज के लिए एक गंभीर चुनौती है और इसका समाधान भी मानव के हाथ में है। यदि हम साथ मिलकर छोटे-छोटे प्रयास करें तो निश्चित ही हम अपने पर्यावरण को स्वच्छ एवं स्वस्थ बना सकते है। प्रदूषण न सिर्फ मानव को प्रभावित करता है, अपितु जीव-जंतुओं के जीवन को भी खतरे में डालता है, इसके साथ ही वाहन से निकलने वाला कार्बन मोनो ऑक्साईड वातावरण को प्रदूषित करता है, जिससे मानव के लिए अमूल्य जीवनदाई ऑक्सीजन प्रदूषित हो रही है, जिसे बचाना हमारा दायित्व है। इस हेतु सप्ताह में 02 दिन दमोह के दो न्यायिक अधिकारी एक दोपहिया वाहन का प्रयोग कर पर्यावरण को संरक्षित करने का अनुपम प्रयास करेंगे।
