दमोह/ स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रीता चटर्जी ने बताया कि नई गर्भवती महिला की समग्र आई.डी. पति के परिवार आई.डी. से लिंक न होने से अनमोल 2.0 पोर्टल पर पंजीयन नहीं हो पा रहा है। जिसका प्रतिकूल प्रभाव प्रथम तिमाही पंजीयन एवं गर्भावस्था दौरान चार जांचों पर भी हो रहा है। इस संबंध में डॉ. अठया ने स्पष्ट किया है कि अनमोल पोर्टल के नवीन संस्करण 2.0 पर नई गर्भवती महिलाओं के पंजीयन के लिए गर्भवती महिला की समग्र आई.डी, पति के समग्र आई.डी. से लिंक एवं आधार केवाईसी एवं बैंक से अपने खाते को डी.बी.टी. सेवा चालू कराना अनिवार्य है। इसके लिए पति-पत्नि दोनों का समग्र आई.डी. एक ही परिवार आई.डी. में होना अनिवार्य है ।
इस संबंध में डॉ. चटर्जी ने बताया कि 18 से 49 आयुवर्ग की समस्त विवाहित महिला जिनकी समग्र आई.डी. पति के परिवार आई.डी. एवं समग्र आई.डी. आधार कार्ड से लिंक नहीं है, ऐसी सभी महिलाएं अपनी क्षेत्रीय पंचायत अथवा नगरपालिका कार्यालय में जाकर ईकेवाईसी करायें। हितग्राही मूलक योजनाओं की सहायता राशि प्राप्ति में असुविधा से बचने के लिए अपने ऐसे खाते को जिसमें सहायता राशि प्राप्त करना चाहते है, बैंक में जाकर डी.बी.टी. अनिवार्य रूप से करायें। नव विवाहित महिला के द्वारा अपनी वैवाहिक स्थिति को समग्र पोर्टल पर दर्ज करने पर स्वतः ही पति का विवरण पोर्टल द्वारा प्राप्त कर लिया जाता है। यदि महिला द्वारा वैवाहिक स्थिति अद्यतन नहीं की गई हो तो पति का समग्र आई.डी. प्राप्त नहीं होता और इस स्थिति में संबंधित महिला का अनमोल पोर्टल 2.0 पर पंजीयन नहीं हो पाता। ऐसी स्थिति में महिला को जननी सुरक्षा एवं प्रसूति सहायता योजना के लाभ से वंचित हो सकते है।
-----00-----
खराब हींग चना एवं मूंगफली नमकीन ग्राहक को बेचने की हुई थी शिकायत,
गुणवत्ता जांच हेतु खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए नमूनें
खराब खाद्य सामग्री के विक्रय एवं भंडारण नहीं करने के दिए गए किराना दुकानदारों को दिशा निर्देश
दमोह/ कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के निर्देशों के तहत् खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा जांच दल ने दमोह शहर स्थित रिटेल किराना स्टोर्स में निरीक्षण कार्यवाही करते हुए विक्रय की जा रही खाद्य सामग्री की जांच की गई। कार्यवाही में बस स्टैंड स्थित फ्रेश एन फाइन का निरीक्षण किया गया। उक्त दुकान में खराब हींग चना एवं मूंगफली नमकीन ग्राहक को बेचने की सी.एम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज हुई थी। निरीक्षण के दौरान परिसर से मौके पर विक्रय हेतु संग्रहित हींग चना एवं मूंगफली नमकीन के नमूनें जांच हेतु लिए गए इन नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। खराब खाद्य सामग्री के विक्रय एवं भंडारण नहीं करने के सभी किराना दुकानदारों को दिशा निर्देश दिए गए ।
---000---
