दमोह के यातायात पुलिस थाना में पदस्थ एएसआई रमेश तिवारी (58), निवासी जबलपुर नाका सोमवार स्टूल से गिर पड़े। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि एएसआई तिवारी सोमवार शाम करीब 6 बजे अस्पताल चौराहा पर ड्यूटी के दौरान पैर में लगी पुरानी चोट की पट्टी बंधवाने मानस भवन कॉम्प्लेक्स स्थित एक निजी क्लिनिक पहुंचे थे। इसी दौरान क्लिनिक में स्टूल पर बैठे-बैठे वह नीचे गिर पड़े और बेहोश हो गए। अस्पताल में मौजूद लोगों ने तत्काल एएसआई तिवारी को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉ. वीरेंद्र सिंह, डॉ. यशपाल और वार्ड बॉय रोहित समेत मेडिकल टीम ने उन्हें सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। सिविल सर्जन डॉ. प्रहलाद पटेल, डॉ. उमेश तंतुवाय और डॉ. चक्रेश चौधरी भी मौके पर पहुंचे और उन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया गया, लेकिन जान नहीं बच सकी।
थाना प्रभारी ने बताया कि एएसआई तिवारी को पैर में तलवे के पास पुरानी चोट थी जो ठीक नहीं हो रही थी। वह बहुत ही मिलनसार व्यक्ति थे। ड्यूटी के दौरान भी लोगों से हंसकर यातायात नियमों का पालन करने की बात कहते रहते थे। वहीं परिजनों के अनुसार उन्हें और उनके परिवार को शुगर की भी समस्या है। तिवारी के दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा जबलपुर में आरक्षक है और छोटा बेटा उनके साथ रहता है। शव को सुरक्षित जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मंगलवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।
