TN Bharat News

जिले में आजादी का पर्व हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया छात्रों ने प्रस्तुत किये मनमोहक एवं आकर्षक रंगारंग कार्यक्रम



           दमोह / जिले में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े हर्षों उल्लास एवं उत्साह पूर्वक मनाया गया। जिला मुख्यालय के तहसील ग्राउण्ड पर आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री तथा प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री श्री इंदर सिंह परमार ने ध्वजारोहण किया। प्रभारी मंत्री श्री परमार ने दमोह विधायक जयंत कुमार मलैया के साथ हर्षोल्लास के प्रतीक गुब्बारे छोड़े।         

            प्रभारी मंत्री श्री परमार ने खुली सफेद जीप में कलेक्टर श्री सुधीर कुमार कोचर एवं पुलिस अधीक्षक श्री श्रुतकीर्ति सोमवंशी और परेड कमाण्डर रक्षित निरीक्षक श्री अभिनव साहू के साथ परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर सशस्त्र बलों की टुकड़ियों ने तीन चक्रों में हर्ष फायर किये और राष्ट्रपति का जयघोष किया। प्रभारी मंत्री श्री परमार ने परेड उपरांत बल कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया।

            समारोह में परेड कमांडर श्री अभिनव साहू एवं द्वितीय परेड कमांडर दिनेश कुमार गोस्वामी  के नेतृत्व में सशस्त्र और निशस्त्र दलों की टुकड़ियों ने कदमताल करते हुये मार्च पास्ट किया। इसमें विशेष पुलिस बल, सशस्त्र पुलिस बल, पुलिस बल महिला,  होमगार्ड बल, एनसीसी सीनियर, एनसीसी जूनियर, स्काऊट दल, गाईड दल, शौर्यदल, आपदा प्रबंधन दल की टुकड़ियों ने भाग लिया। साथ ही विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने मार्च पास्ट में सहभागिता की।

            इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का प्रदेश की जनता के नाम संदेश टेलीकास्ट के माध्यम से देखा व सुना गया।

            जिले के प्रभारी मंत्री श्री परमार ने स्वतंत्रता दिवस पर संदेश देते स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर जिले के सभी नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा आनंद और उमंग के इस अवसर पर अभी हमने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संबोधन सुना। प्रदेश की प्रगति और जन-कल्याण पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव जी की दूरदर्शिता और ओजस्वी वक्तव्य ने निश्चित ही हम सबमें उल्लास का संचार कर दिया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के "आत्मनिर्भर और विकसित भारत" के विजन को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव जी ने "आत्मनिर्भर और विकसित मध्यप्रदेश" का जो रोडमैप बनाया है, उससे निश्चित ही प्रदेश प्रगति का नया अध्याय लिखेगा। भाइयों-बहनों, प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. यादव जी के नेतृत्व में हम विकसित मध्यप्रदेश का लक्ष्य साकार करने के लिए विकसित जिले की संकल्पना और योजना के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं। हमारे जिले की अपनी क्षमताएं, आकांक्षाएं, अवसर और चुनौतियां हैं। यही हमारे जिले को विशेष बनाती हैं। देव श्री जागेश्वरनाथ एवं कुण्डलपुर वाले बड़े बाबा की कृपा से दमोह जिला प्रगति के पथ पर अग्रसर है। इतिहास, संस्कृति और अध्यात्म की गहरी छाप लिए दमोह आज विकास की एक नई गाथा लिख रहा है।

            प्रभारी मंत्री श्री परमार ने संदेश में कहा स्वास्थ्य क्षेत्र में लगभग 250 करोड़ की लागत से नया मेडिकल कॉलेज बन रहा है, जो आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ दमोह को स्वास्थ्य सेवाओं का एक मजबूत केंद्र बनाएगा। इसके साथ ही 200 करोड़ की लागत से 6 सांदीपनी विद्यालय निर्माणाधीन हैं, जो आने वाली पीढ़ी को संस्कार और शिक्षा दोनों का संगम देंगे। जिले में सीतानगर बांध परियोजनाओं से 16 हजार 200 हेक्टेयर जमीन सिंचित हो रही है, जिससे 51 गांव लाभांवित हो रहे हैं। पंचमनगर, सतधारू और साजली परियोजनाओं से भविष्य में 41 हजार 555 हेक्टेयर जमीन सिंचित की जायेगी, इससे 135 गांव लाभांवित होंगे। इसी तरह ब्यारमा, सतधरू परियोजनाओं से 678 गांवों को पेयजल पहुंचाया जा रहा है, जिससे 1 लाख 20 हजार परिवार लाभांवित हो रहे हैं। भविष्य में बेबस सुनार परियोजना के माध्यम से 437 गांवों को पेयजल पहुंचाया जायेगा, जिससे 65 हजार 943 परिवार लाभांवित होंगे।

            प्रभारी मंत्री श्री परमार ने अपने संदेश में कहा कि मई 2025 में आयोजित युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला में रिकार्ड 2 हज़ार 266 युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान किए गए। जल गंगा संवर्धन अभियान में इस वर्ष दमोह प्रदेश के शीर्ष 10 जिलों में शामिल हुआ है। नीति आयोग के संपूर्णता अभियान में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल कर-दमोह देश का अव्वल आकांक्षी जिला बना, जबकि तेंदूखेड़ा विकासखंड भी देश में शीर्ष पर रहा है। एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत जिले में 13 लाख 50 हजार पौधों का रोपण किया गया है। प्रधानमंत्री खाद्य उद्यम उन्नयन योजना अंतर्गत 194 खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना कर हमारा जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए प्रारंभ की गई दमोह हेल्पलाइन सेवा सेअब तक 5000 से अधिक शिकायतों का तुरंत समाधान किया गया है। सितंबर 2024 से जिले में एक अनूठी पहल "संकट के साथी" की शुरुआत हुई और आज 500 से अधिक संकट के साथी ज़रूरतमंदों की मदद में लगे हैं। जिले के 85 सामाजिक संगठनों एवं समाजसेवियों के द्वारा बाढ़ एवं अतिवृष्टि की आपदा के दौरान बाढ़ प्रभावित गांवों में राशन, भोजन, कपड़े, सेनेटरी नैपकिन, बर्तन, मच्छरदानी और रेनकोट जैसी आवश्यक वस्तुएँ वितरित कर, संकट के साथी के रूप में मानवता की मिसाल पेश की।

            प्रभारी मंत्री श्री परमार ने कहा कि देव श्री जागेश्रनाथ धाम बांदकपुर में विशाल कॉरिडोर निर्माण की शुरुआत ने दमोह की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को नया आयाम दिया है। आज दमोह केवल भौगोलिक रूप से नहीं, बल्कि सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक रूप से भी आगे बढ़ रहा है। यहाँ विकास के साथ साथ मानवीय-संवेदनाओं, सांस्कृतिक धरोहर और पर्यावरण संरक्षण को भी समान महत्व दिया जा रहा है। हम सब मिलकर दमोह को ऐसा जिला बनाएंगे, जो आने वाले वर्षों में प्रदेश और देश के विकास का प्रेरक मॉडल बनेगा। विकसित मध्यप्रदेश के सपने को साकार करने का लक्ष्य जिलों से ही गुजरता है। आइए संकल्प लें कि हमारा जिला विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की आधारशिला बनेगा। हमारा संयुक्त सामर्थ्य एवं योजनाबद्ध प्रयास मध्यप्रदेश की शक्ति और पूंजी है। आप सबको इस अवसर पर पुनः स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं।

            इस अवसर पर लोकतंत्र सेनानियों का प्रभारी मंत्री श्री परमार ने शाल-श्रीफल और माला पहनाकर सम्मान किया।

            जिले की प्रभारी मंत्री श्री परमार ने मुख्य समारोह में आयोजित कार्यक्रम में अंगदान करने वाली राधिका रानी, सिंधी कैंप श्रीमती रीनू रोहरा एवं सुनील रोहरा, डॉ. श्रद्धा गंगेले, रुक्मन राय कनीजा बेगम, आराधना सॉलोमन का सम्मान किया गया, इन सभी ने गुरदा दान किया है।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल रहे
            इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट विद्यालय की एनसीसी टीम ने गीत की प्रस्तुति और समूह नृत्य एमएलबी स्कूल एवं सीएम राइज सांदीपनि विद्यालय दमोह एवं समूह नृत्य टाइम्स पब्लिक स्कूल ने प्रस्तुत किया। सभी कार्यक्रमों में अतिथियों और जन समूह का मन मोह लिया।

देहदान करने वाले परिजनों का हुआ सम्मान
            इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में देहदान करने वाले स्वर्गीय श्री पूरनलाल अग्रवाल के पुत्र ऋषि अग्रवाल का सम्मान किया गया। स्वर्गीय श्री अग्रवाल ने मेडिकल कॉलेज जबलपुर में 1 फरवरी 2018 को देह दान  किया था।

दमोह गौरव सम्मान
            इस अवसर पर हिंदी साहित्य के क्षेत्र में अविस्मरणीय योगदान के लिए डॉक्टर श्याम सुंदर दुबे उत्थान साहित्यिक सांस्कृतिक संस्था बकायन को शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में अविस्मरणीय योगदान के लिए, सुषमा पटेल ग्राम घाना मैली जबेरा को महिला दिव्यांग क्रिकेट टीम की कप्तान के रूप में अविस्मरणीय योगदान के लिये (आप भारतीय दृष्टिबाधित महिला क्रिकेट टीम की कप्तान है), हरे माधव परमार्थ सेवा समिति दमोह को समाज सेवा क्षेत्र में अविस्मरणीय योगदान के लिए (इनके द्वारा रेलवे स्टेशन पर विगत लगभग 10 वर्षों से यात्रियों के लिए निशुल्क स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जाता है), और गुरु सिंह सभा दमोह को समाज सेवा के क्षेत्र में अविस्मरणीय योगदान के लिए गुरु गोविंद सिंह पार्क कचौरा शॉपिंग सेंटर दमोह में प्रतिदिन प्रात 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक गरीब व्यक्तियों के लिये पिछले 10 वर्षों से भोजन लंगर कराया जाता है। सभी का सम्मान मंच से प्रभारी मंत्री जी द्वारा किया गया।

            मध्य प्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण द्वारा ई-स्कूटर हेतु अनुदान योजना तहत जिले के प्रभारी मंत्री द्वारा हितग्राही सत्यनारायण वैद्य ग्राम बालाकोट विकासखंड दमोह को 40 हजार रूपये की राशि का अनुदान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों का हुआ सम्मान
            इस अवसर पर जिले की प्रभारी मंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया । उन्होंने कनिष्ठ अभियंता विद्युत वितरण केंद्र बटियागढ़ संदीप पटेल को सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण कार्य में किए गए उत्कृष्ट कार्य और सहायक यंत्री शशि भूषण सिंह ठाकुर  लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तेंदूखेड़ा तथा थाना प्रभारी तेजगढ़ अरविंद सिंह ठाकुर को सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण कार्य में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post