दमोह/ दमोह नगर पालिका सभागार में आज नगर के मैरिज गार्डन संचालकों की बैठक आयोजित की गई। एसडीएम दमोह आर.एल. बागरी ने इस दौरान मैरिज गार्डन संचालकों को कई महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिये ।
एसडीएम आर.एल. बागरी ने कहा शहर में संचालित सभी मैरिज गार्डन पूर्ण अनुमति के साथ ही संचालित किए जाएं और पार्किंग की उचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगली बार किसी भी प्रकार की व्यवस्था में लापरवाही पाई गई तो संचालक स्वयं जिम्मेदार होंगे तथा उनके विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसी दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि मैरिज गार्डन में सफाई व्यवस्था एवं फायर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रहनी चाहिए। इसके अतिरिक्त, वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित रखने हेतु पर्याप्त गार्डों की नियुक्ति की जाए। बैठक में सभी मैरिज गार्डन संचालक मौजूद रहे।
