Damoh/ महिलाओं एवं बालक-बालिकाओं के साथ होने वाले अपराधों की रोकथाम एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान मुस्कान अभियान शहर के जेपीबी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक श्री सोमवंशी ने अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज कराते हुए छात्र-छात्राओं को सुरक्षा, सतर्कता एवं आत्मरक्षा के महत्त्व पर मार्गदर्शन दिया।
मुस्कान अभियान विशेष जागरूकता अभियान कार्यक्रम के दौरान सब इंस्पेक्टर गरिमा मिश्रा, सब इंस्पेक्टर सविता रजक, प्रधान आरक्षक मंजूलता टंडन, साइबर सेल से प्रधान आरक्षक सौरभ टंडन, स्कूल प्राचार्य डी.के. मिश्रा, शरद मिश्रा सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
विशेष जागरूकता सत्र में साइबर सुरक्षा, गुड टच–बैड टच, बाल संरक्षण कानून, ऑनलाइन ठगी से बचाव और महिलाओं के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। पुलिस अधीक्षक ने बच्चों को निडर होकर अपनी बात रखने एवं किसी भी आपराधिक घटना की तुरंत सूचना देने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में सहयोग, सम्मान और समानता की भावना को मजबूत करना तथा समाज में सुरक्षित वातावरण बनाने की दिशा में सभी को जागरूक करना रहा।
