नायब तहसीलदार रिश्वत लेते पकड़ा गया- सिंगरौली
जिले के चितरंगी के शासकीय आवास बैरीटोला खुर्द में नायब तहसीलदार महेंद्र
कुमार कोल को 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त रीवा की टीम ने
रंगे हाथों पकड़ा है। नायब तहसीलदार और राजस्व निरीक्षक (आरआई) हरी प्रसाद
वैश्य ने जमीन की बेदखली कराने के एवज में किसान से 15 हजार रुपए की मांग
की थी। सीधी जिले के सिहावल के करौली निवासी प्रवीण चतुर्वेदी ने नायब
तहसीलदार और राजस्व निरीक्षक के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत लोकायुक्त
कार्यालय रीवा में की थी। फरियादी प्रवीण ने बताया था कि उसने वर्ष 2016
में 0.800 हेक्टेयर भूमि खरीदी थी, लेकिन भूमि पर विक्रेता के बेटों ने
अवैध कब्जा कर लिया था। प्रवीण ने 2017 में नायब तहसीलदार न्यायालय में
बेदखली का आवेदन लगाया, जिस पर 8 सितंबर 2021 को आदेश पारित हो गया, लेकिन
आदेश के पालन में प्रशासनिक लापरवाही के चलते चार साल बाद भी जमीन खाली
नहीं कराई गई थी।