दमोह/ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के.अठया ने बताया कि दमोह शहरी क्षेत्र के 27 परिवार जो सर्दी-जुकाम, हल्के बुखार या टीके के बाद असुविधा के डर से टीकाकरण रोक दिया था, लंबे समय से टीकाकरण का प्रतिरोध कर रहे थे। जिले में चलाये गये विशेष टीकाकरण अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम के स्नेही, धैर्यपूर्ण तथा तथ्यपूर्ण समझाईश के बाद अब टीकाकरण के प्रति पूरी तरह से सहमत होकर अपने बच्चों का टीकाकरण करा चुके है।
स्वास्थ्य दल में शामिल शहरी सुपरवाइजर मनीष पाण्डेय, विश फाउण्डेशन के आशीष गुप्ता और अंतरा फाउण्डेशन के समन्वित दल ने ऐसे परिवारों से गृह भेंट कर सहज धैर्यपूर्वक बातचीत, सकारात्मक समझाईश से उनकी आशंकाओं, टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों और कारणो को जाना टीकाकरण के महत्व और टीकाकरण से बीमारियों से होने वाली जीवनभर की सुरक्षा के बारे में वैज्ञानिक तथ्यों और सहज उदाहरण के माध्यम से टीकाकरण के महत्व को सरल तरीके से समझाया।
स्वास्थ्य दल के गृह भेंट दौरान एक घर में परिजन ने बताया कि बच्चे को सर्दी होने के कारण टीका नहीं लगवाते। टीम ने सहज मुस्कान के साथ नरम स्वर में पूछा, क्या 5 महीने से लगातार सर्दी बनी रही ? यह सुनते ही परिजन सकुचाए, सोच में पड़ गये। टीम ने भरोसा दिलाया कि हल्का सर्दी-जुकाम टीकाकरण में बाधा नहीं होता है। उनके मन का भ्रम दूर हुआ और वे टीका लगवाने तैयार हो गये।
पहले टीके के बाद बुखार आया था
टीम के भरोसे भरी समझाईश का असर एक अन्य परिवार पर हुआ, जो डेढ़ माह के अपने बच्चे के टीकाकरण के बाद बुखार आने के कारण अपने बच्चे का टीकाकरण रोक चुका था, उन्होने स्वेच्छा से बच्चे के टीकाकरण की आगे की खुराक टीकाकरण सत्र पर पहॅुचकर दिलायी।
उन्हे टीम ने धैर्य पूर्वक समझाईश देते हुए कहा कि बहनजी, टीके के बाद थोड़ा बुखार आना सामान्य है। यह शरीर में सुरक्षा बनने की प्रक्रिया है। हम सभी चाहते है कि हमारे बच्चे गंभीर बीमारियों से हमेशा बचे रहे। यह सुनकर परिजनों का विश्वास बढ़ा।
दमोह शहर के एक बच्चे में दानेदार बुखार आया
एक परिवार जन्म के बाद अपने नवजात शिशु को जीरो डोज टीका लगाने के बाद से ही टीकाकरण से दूर था। टीम ने उन्हें बताया कि दमोह शहरी क्षेत्र में एक बच्चे को एम.आर. टीका न लगने के कारण दानेदार बुखार के साथ आंखें लाल, तेज सर्दी की परेशानी आई थी। टीम ने उन्हें बच्चे की बीमारी की वास्तविक तस्वीरें दिखाई, तस्वीरें देखकर परिवार ने तुरंत निर्णय लिया कि वे अपने बच्चे के लिए ऐसा जोखिम नहीं लेंगे। उन्होंने टीकाकरण सत्र पहॅुचकर बच्चे को टीकाकरण तालिका अनुसार निर्धारित खुराक दिलाई।
इसी तरह मांगज वार्ड 5 के बाहरी खुले मैदानी क्षेत्र में घुमन्तु समुदाय के कुछ परिवारों द्वारा अस्थायी डेरा डाला हुआ था। उनके बच्चे पूर्ण टीकाकृत नहीं थे। ऐसे में दल ने पहॅुचकर बच्चों के स्वास्थ्य रक्षा के लिए तीन बच्चों के छूटे हुए टीका लगवाने की समझाईश देकर टीकाकरण कराया गया।
