TN Bharat News

कलेक्टर श्री कोचर ने किया शासकीय माध्यमिक शाला परासई का औचक निरीक्षण उजागर हुई लापरवाही, एमडीएम (मध्यान्ह भोजन) व्यवस्था में बदलाव

       

     दमोह/ कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर द्वारा 08 जनवरी को प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला परासई का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बच्चों एवं ग्रामीणों ने बताया कि मध्यान्ह भोजन के संचालन में हरसिद्धी स्व-सहायता समूह द्वारा लापरवाही की जा रही है।

      मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे ने बताया कि कलेक्टर श्री कोचर के निर्देशानुसार मध्यान्ह भोजन के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने हेतु हरसिद्धी स्व-सहायता समूह परासई को एमडीएम (मध्यान्ह भोजन) व्यवस्था से पृथक कर दिया गया है, उन्होंने बताया वैकल्पिक व्यवस्था के अंतर्गत शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला परासई में शाला प्रबंधन समिति को मध्यान्ह भोजन संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही नवीन अनुमोदित एजेंसी से संबंधित समस्त आवश्यक दस्तावेज जिला पंचायत दमोह को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पोर्टल पर मैपिंग की जा सके।

     उन्होने बताया, निर्देशों के तहत शेष राशि, खाद्यान्न, बर्तन, गैस कनेक्शन आदि नवीन एजेंसी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, मध्यान्ह भोजन बंद रहने की अवधि का खाद्य सुरक्षा भत्ता संबंधित स्व-सहायता समूह से बच्चों को दिलाया जाएगा।

     मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री फुलपगारे ने बताया कि रसोईया मानदेय की राशि की वसूली कर संबंधित अभिलेख संधारित किए जाएंगे। साथ ही नियमानुसार नवीन स्व-सहायता समूह का प्रस्ताव अविलंब प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post