Damoh दमोह जिले के तेंदूखेड़ा क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. वार्ड नंबर 1 के एक कुएं में 35 साल की जयंती केवट और उनके तीन महीने के मासूम बच्चे के शव मिलने की सूचना ने स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया. यह घटना बीती रात की है, जब जयंती अपने बच्चे के साथ बहन के घर रिश्तेदारी में आई थी, लेकिन रात के बीच 3 से 4 बजे के बीच वह अपने मासूम के साथ गायब हो गई. जयंती की बहन और परिवार ने उसे खोजना शुरू किया, लेकिन उका कोई अता-पता नहीं चला. अगले दिन लोगों की नजर कुएं पर पड़ी, जहां दोनों के शव तैरते हुए दिखाई दिए. इस घटना तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और मौके पर पहुंची टीम ने शवों को रेस्क्यू किया.
जयंती के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह बीमार रहती थीं और उनका इलाज चल रहा था. कुछ दिन पहले ही उनके भाई का निधन हुआ था, जिसके बाद जयंती मानसिक रूप से टूट गई थीं.
पुलिस के मुताबिक, इस मामले की गहन जांच की जा रही है. शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और लोगों, परिजनों के बयानों को दर्ज किया जाएगा. फिर जांच के बाद ही साफ होगा कि यह आत्महत्या का मामला है या कोई अन्य कारण इसके पीछे है
