दमोह जिले में डायल-112 की तत्पर एवं संवेदनशील कार्यवाही से एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकी। थाना पटेरा अंतर्गत ग्राम रामपुरा निवासी एक व्यक्ति द्वारा आत्महत्या करने के उद्देश्य से घर से चले जाने की सूचना पर डायल-112 टीम ने तत्काल कार्यवाही करते हुए उसे रेलवे ट्रैक से सुरक्षित बचाया तथा परिजनों के सुपुर्द किया।
प्राप्त जानकारी अनुसार दिनांक 28-04-2026 को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम रामपुरा थाना पटेरा निवासी बिट्टू राजपूत आत्महत्या करने की नीयत से घर से कहीं चला गया है। सूचना मिलते ही दमोह डायल-112 कंट्रोल में पदस्थ आरक्षक 824 रामनरेश द्वारा तत्काल एफआरव्ही 11 एवं एफआरव्ही 15 को सहायता हेतु रवाना किया गया।
सूचना पर एफआरव्ही 11 में आरक्षक 152 अनिल ठाकुर एवं पायलट राहुल राजपूत तथा एफआरव्ही 15 थाना हिंडोरिया में आरक्षक 419 चंद्रकांत पांडेय एवं पायलट संदीप साहू द्वारा तत्काल व्यक्ति की तलाश प्रारंभ की गई। तलाश के दौरान उक्त व्यक्ति की लोकेशन ग्राम करहिया थाना हिंडोरिया स्थित रेलवे ट्रैक के पास प्राप्त हुई। डायल-112 स्टाफ मौके पर पहुंचा तो देखा कि व्यक्ति आत्महत्या करने के उद्देश्य से रेलवे ट्रैक पर लेटा हुआ था।
एफआरव्ही स्टाफ द्वारा तत्काल व्यक्ति को सुरक्षित ट्रैक से हटाया गया, समझाइश देकर उसकी काउंसलिंग की गई तथा सकुशल घर पहुंचाकर परिजनों के सुपुर्द किया गया। डायल-112 की इस मुस्तैद कार्यवाही से एक बड़ा हादसा टल गया और एक व्यक्ति को नया जीवन मिला।
