मध्य प्रदेश के राजगढ़ से बड़ी खबर है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. शोभा पटेल को लोकायुक्त पुलिस ने 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। वे पिछले कई दिनों से विवादों व सुर्खियों में बनी रहीं है।
जानकारी अनुसार एक डायग्नोस्टिक सेंटर संचालक से सीएमएचओ डॉ. शोभा पटेल दबाव बनाकर रिश्वत की मांग कर रहीं थी। उन्होंने 50 हजार रुपए की डिमांड रखी थी। इसमें वे दो किस्तों में 30 हजार रुपए पहले ले चुकीं थी, 20 हजार रुपए की आखिरी किस्त लेते ही लोकायुक्त पुलिस ने उन्हें धर दबौचा। वे अपने सरकारी आवास में रिश्वत लेते ट्रैप हुई हैं।
लोकायुक्त टीम में शामिल उप पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि फरियादी हरिओम अहीरवाल पिता जगन्नाथ अहीरवाल निवासी भी 122 बिलेयर अपार्टमेंट अब्बास नगर रोड गांधीनगर भोपाल शिकायत दर्ज कराई थी कि, वो राजगढ़ में सुविधा डायग्नोस्टिक सेंटर के नाम से सोनोग्राफी सेंटर संचालित करते हैं।
फरियादी अपने सेंटर पर एमपी ऑनलाइन के माध्यम से डॉक्टर आकर्ष तनेजा का नाम जुड़वाना चाहते थे। इस कार्य के अप्रूवल के लिए राजगढ़ सीएमएचओ डॉक्टर शोभा पटेल के द्वारा 50 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की गई थी। इसके बाद 11 अप्रैल को 10 हजार और 15 अप्रैल को 20 हजार रिश्वत के रूप में लिए और बाकी 20 हजार देने के बाद ही डॉक्टर को अप्रूवल देने को कहा।
इसके बाद पीड़ित ने सीएमएचओ द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत भोपाल लोकायुक्त से की गई। इसके बाद भोपाल लोकायुक्त एसपी दुर्गेश कुमार राठौर के द्वारा तृप्ति टीम का गठन किया गया। शुक्रवार शाम को राजगढ़ जिला चिकित्सालय परिसर में स्थित सरकारी आवास पर सीएमएचओ को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
