दमोह/ पुलिस अधीक्षक के द्वारा थाना मगरोन की चौकी फतेपुर में स्थित ग्राम पंचायत में रात्रिकालीन जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित ग्रामीणजनों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। जन चौपाल में ग्रामीणों द्वारा विभिन्न विषयों से संबंधित समस्याएं प्रस्तुत की गईं, जिनमें कानून-व्यवस्था, सामाजिक मुद्दे एवं अन्य स्थानीय समस्याएं शामिल रहीं। पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रत्येक समस्या पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए तथा कई समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान हेतु सदैव तत्पर है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे आमजन और पुलिस के बीच विश्वास एवं समन्वय और मजबूत हो सके। कार्यक्रम में थाना मगरोन पुलिस स्टाफ एवं अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
