दमोह/ कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने आज आकस्मिक रूप से सदगुवां पहुँचकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति सामने आई, जिसमें गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता उजागर हुई। निरीक्षण के दौरान कुल 09 अधिकारी एवं कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना और सक्षम अधिकारी की अनुमति के अपने कर्तव्य स्थल से अनुपस्थित पाए गए। कलेक्टर ने कहा इससे शासकीय योजनाओं के संचालन एवं स्वास्थ्य सेवाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, सार्थक पोर्टल के अवलोकन में पाया गया कि फार्मासिस्ट योगेश शरण सिंह एवं एएनएम आरती गौड़ द्वारा उपस्थिति दर्ज की गई थी, जबकि वे वास्तव में संस्था से अनुपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान बंधपत्र चिकित्सक आयुष भूमिया, फार्मासिस्ट ग्रेड-2 योगेश शरण सिंह, नर्सिग ऑफीसर संध्या बिसेन, एएनएम आरती सिंह गौड़, लैब टैक्नीशियन पियूष खटीक, आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुष्पेन्द्र त्रिपाठी, आयुष फार्मासिस्ट प्रकाश सेन, संविदा फार्मासिस्ट सतीश विश्वकर्मा, संविदा नर्सिग ऑफीसर गुलाब प्रसाद चक्रवर्ती अनुपस्थित पाये गये।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी नें तत्काल प्रभाव से माह जून 2026 के वेतन से 03 दिवस का वेतन कटौत्रा किया जाकर निर्देशित किया है कि सभी अपना स्पष्टीकरण उचित माध्यम से 03 दिवस के भीतर प्रस्तुत करें, स्पष्टीकरण समय सीमा व संतोषप्रद न पाये जान पर आपके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी।
