दमोह : कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा है दमोह जिले में यदि कहीं भी अवैध रूप से पटाखों या अन्य विस्फोटक सामग्री का विक्रय अथवा भण्डारण पाया जाता है तो जिले के नागरिक इसकी शिकायत / सूचना दमोह हेल्पलाइन नम्बर 07812-350300 पर दर्ज करा सकते हैं। शिकायतकर्ता अथवा सूचना देने वाले की जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जायेगी।
---000---
बेहोशी की अवस्था में मिले अज्ञात व्यक्ति को ग्राम रोंड के अस्पताल पहुंचाकर
दिया मानवीय संवेदनशीलता का परिचय
दमोह : जिले की जबेरा तहसील अंतर्गत ग्राम रोंड और सगरा के बीच एक अज्ञात व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। इस दौरान संकट के साथी सगरा के अमन जैन ने अपना वाहन रोककर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुये तत्काल एम्बुलेंस को कॉल कर सहायता मांगने का प्रयास किया, लेकिन 15 मिनट तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर बिना समय गवाए अपने निजी वाहन से उस व्यक्ति को ग्राम रोंड के अस्पताल पहुंचाया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जबेरा अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है और परिजन भी अस्पताल पहुँच चुके। अमन जैन की तत्परता और जागरूकता ने उस व्यक्ति की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
यह घटना मानवीयता और सामाजिक जिम्मेदारी का आदर्श उदाहरण है, जो दिखाती है कि विपरीत परिस्थितियों में भी सक्रिय होकर दूसरों की मदद करने से बड़ा कोई कर्तव्य नहीं होता।
