TN Bharat News

तत्कालीन प्राचार्य एवं कार्यालयीन लिपिकों ने लिखी' शिक्षक' के शोषण की नई गाथा (आर.टी.आई में खुलासा 13 वर्ष पश्चात् बीमा की शेष राशि का भुगतान)

दमोह/ शिक्षा विभाग यू तो कुछ न कुछ अजीबोगरीब कारनामों के कारण सुर्खियों में बना रहता है। एक ओर शिक्षक, विद्यार्थियों को "इंसाफ की डगर पर चलने के लिये प्रेरित करता है व सत्यमेव जयते का पाठ पढ़ाता है" तो वहीं दूसरी तरफ उसकी सेवानिवृत्ति/मृत्यु होने पर उसके एवं उसके परिवार के साथ अधिकारियों एवं लिपिकों के द्वारा जो मानसिक, आर्थिक, सामाजिक शोषण किया जाता है उससे वह स्वयं को ठगा हुआ महसूस करता है।

अधिकाँश अन्याय के खिलाफ मुँह नहीं खोल पाते हैं तो कुछ अपवाद भी होते हैं जो शोषण के खिलाफ संघर्ष करते हैं। प्रमाणः बैजनाथ प्रसाद पटैल जो कि शासकीय प्राथमिक शाला सेमरपटी संकुल केन्द्र शास. उच्च. माध्य. शाला मुड़िया में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। सेवाकाल के दौरान बीमारी के चलते दिनांक 12/12/2011 को निधन हो गया था। मृत्यु उपरान्त नियमानुसार शिक्षक की पत्नी श्रीमती सुमतरानी पटैल को बीमा की राशि 2,50,000/- रूपये शब्दों में दो लाख पचास हजार रूपये का भुगतान करके अधिकारी एवं लिपिकों ने अपने कर्तव्यों की इतिश्री समझ ली। शेष 02 बीमा बिलों का भुगतान नहीं करके आर्थिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया ।

यह कि मृत शिक्षक की पत्नी निरक्षर थीं, तीन पुत्र नाबालिग थे। जिन्हें यह जानकारी नहीं थी कि पिता की मृत्यु के उपरान्त किन स्वत्वों का भुगतान मिलना चाहिए। इसी का फायदा तत्कालीन प्राचार्य एवं कार्यालयीन लिपिक ने उठाया और शिक्षक के शोषण की नई गाथा लिख दी।

मृत शिक्षक के पुत्र सुनील कुमार पटैल ने दिनांक 30/08/2024 को सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत बीमा संबंधी 03 बिन्दुओं की वांछित जानकारी संकुल प्राचार्य शासकीय उ. मा. विद्यालय मुड़िया से आवेदन पत्र देकर जानकारी माँगी। जिसमें आधी-अधूरी जानकारी दी गई जिसके विरूद्ध प्रथम अपील जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय दमोह में की गई। प्रथम अपीलीय अधिकारी सुनील कुमार नेमा "जिला शिक्षा अधिकारी" द्वारा लापरवाही बरतने पर किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं की. जिससे व्यथित होकर द्वितीय अपील मुख्य सूचना आयुक्त मध्यप्रदेश राज्य सूचना आयोग भोपाल में की गई है ।

जब बीमा संबंधी जानकारी एक आर.टी.आई. कार्यकर्ता द्वारा प्राचार्य से माँगी गई तब उन्होंने सर्वथा भिन्न जानकारी दी जिसकी द्वितीय अपील सूचना आयोग भोपाल में की गई है। सर्वथा भिन्न जानकारी देने एवं सत्य छुपाने के कारण सुनील कुमार पटैल द्वारा उच्च स्तरीय कार्यवाही की गई लेकिन भुगतान नहीं किया गया और न ही संतोषजनक उत्तर अधिकारियों द्वारा दिया गया ।
दिनांक 01/04/2025 को जनसुनवाई में कलेक्टर दमोह से लिखित शिकायत की गई जिसमें सी.एम. हेल्पलाईन (क्रमांक 32780401) शिकायत दर्ज की गई। जिसमें विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी दमोह ने संबंधित अधिकारियों को गुमराह किया कि संबंधित द्वारा शपथ पत्र नहीं दिया गया है। अतएव जी.पी.एफ. का भुगतान नहीं हो पा रहा है। जबकि शिकायत दर्ज की गई थी शेष बीमा बिलों के भुगतान हेतु न कि जी.पी.एफ. की ।

अतएव दिनांक 10/06/2025 में जन-सुनवाई में दोबारा लिखित शिकायत की गई, जहाँ कलेक्टर दमोह द्वारा शीघ्र भुगतान करवाने का आश्वासन दिया गया। जिसके परिणाम स्वरूप दिनांक 01/07/2025 को 13 वर्ष बाद श्रीमती सुमतरानी पटैल के बैंक खाता क्रमांक 32122915 (स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया, मुख्य शाखा दमोह) में कुल राशि 103958/- रूपये शब्दों में एक लाख तीन हजार नौ सौ अन्ठावन रूपये जमा की गई है।

अब देखना यह है कि मृत शिक्षक के परिवार को 13 वर्ष बाद बीमा के शेष बिलों का भुगतान होने के पश्चात् शिक्षक के परिवार का शोषण करने वाले दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही की जाती है या नहीं?


Post a Comment

Previous Post Next Post